भारत और थाईलैंड के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री-XV’ (2026) में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सेना का दल आज थाईलैंड रवाना हो गया। अभ्यास कल से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाना और संयुक्त अभियानों की क्षमता को मजबूत करना है। इसमें संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-7 के तहत जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद एवं उग्रवाद विरोधी अभियानों को अंजाम देने के लिए सैनिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

अभ्यास के दौरान फील्ड ट्रेनिंग, युद्ध संबंधी चर्चाएं, व्याख्यान, प्रदर्शन और एक अंतिम सत्यापन अभ्यास आयोजित किया जाएगा। दोनों देशों के सैनिक संयुक्त अभियानों के दौरान हासिल परिचालन अनुभव साझा करने के साथ आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का भी प्रदर्शन करेंगे।

भारतीय सेना और रॉयल थाई सेना के दल में 85-85 जवान शामिल हैं। भारतीय दल में मुख्य रूप से 9 गोरखा राइफल्स के सैनिक हैं, जबकि थाई दल का प्रतिनिधित्व 5वीं डिवीजन की 25वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड की तीसरी बटालियन के जवान कर रहे हैं। अभ्यास में कंपनी स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण होगा, जिसमें जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में अभियान संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

‘मैत्री’ अभ्यास का पिछला संस्करण पिछले साल सितंबर में मेघालय के उमरोई स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में आयोजित किया गया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *